एटा। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां चरम पर हैं। डीआईओएस कार्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है, जहां चार लिपिक व चार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सुबह साढ़े छह बजे से रात नौ बजे तक यह ड्यूटी देंगे। वहीं, विभाग ने चार सचल दल भी गठित किए हैं, जो केंद्रों पर नजर रखेंगे। दूसरी ओर 11 केंद्र संचालकों ने पूरक मांग कार्यालय को उपलब्ध कराई है इसकी सूचना माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद को भेज दी गई है।
बोर्ड परीक्षा शुरू होने में अब मात्र एक दिन का समय शेष रह गया है। जिलेभर में बनाए परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। सीटिंग प्लान के अलावा विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र वितरित किए जा रहे हैं, साथ ही डीआईओएस कार्यालय में परीक्षा से संबंधित जानकारी देने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका नंबर 05742231006 है, जहां चार लिपिक व चार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। दो-दो कर्मचारी सुबह साढ़े छह बजे से दोपहर दो बजे तक और दोपहर दो बजे से रात नौ बजे तक यहां मौजूद रहेंगे। दूसरी ओर विभाग ने चार सचल दल गठित किए हैं, जिसमें जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार गिरि, सह जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील कुमार, बीएसए शौकीन सिंह यादव व डायट प्राचार्य हरि सिंह शाक्य को रखा गया है। उक्त अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षाओं को नकल विहीन संपन्न कराएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार गिरि ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं व प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके अलावा हाईस्कूल व इंटर के 11 स्कूल संचालकों ने पूरक मांग उपलब्ध कराई है। इसकी सूचना माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद को भेज दी गई है। उन्होंने केंद्र संचालकों से कार्यालय से संपर्क बनाए रखने को कहा है।