फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंद बोरों में 24 बंदर मरे मिले

Tue, 17 Feb 2015 12:06 AM IST
ब्यूरो अमर उजाला एटा
विज्ञापन
विज्ञापन
मारहरा कस्बे के एक तालाब में सोमवार की सुबह बंद बोरों में मरे मिले 24 बंदरों को देखकर हिंदूवादी संगठनों में रोष व्याप्त हो गया। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने बंदरों का पोस्टमार्टम किया। बिसरा जांच के लिए आगरा भेजा है। बताते हैं कि एक घर में बन रहे शौचालय के टैंक में रात को इन बंदरों की गिरने से मौत हुई है। कार्रवाई के डर से मकान मालिक ने मरे बंदरों को बोरे में बंदकर तालाब में फिंकवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
विज्ञापन




कस्बा मारहरा के विश्व हिंदू महासंघ के नगर अध्यक्ष विशेष यादव ने बताया कि उनकी मोहल्ला तालागढ़ में परचून की दुकान है, वहीं पास में एक तालाब है। जब वह सोमवार की सुबह दुकान खोल रहे थे, तभी दो बच्चों ने तालाब में बंद बोरों में कुछ होने की बात कही। वह वहां पहुंचे और बोरे को बाहर निकालकर देखा तो उसमे मरे हुए तीन बंदर मिले। इसकी जानकारी जब अन्य लोगों को दी तो भाजपा के कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य लोगों की भीड़ लग गई। वहां पड़े अन्य बोरों को खोलकर देखा तो उनमें भी बंदर मरे मिले। इन बंदरों की संख्या लगभग 24 थी। यह देखकर हिंदूवादी संगठनों व लोगों में रोष व्याप्त हो गया और पुलिस से कार्रवाई की मांग करने लगे। एसडीएम सदर अजीत कुमार सिंह, सीओ सदर राघवेंद्र सिंह चौहान, वन विभाग के रेंजर एसपी श्रीवास्तव व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीएम ने पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया और बंदरों का पोस्टमार्टम कराया है।



वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि कस्बा के बड़ा बाजार निवासी संजीव गुप्ता का मकान बन रहा है। इसमें शौचालय के लिए टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। टैंक आधा पानी से भरा हुआ था। रात को वहां से बंदर गुजर रहे थे, तभी एक बंदर उसमें गिर गया। माना जा रहा है कि यह देख बंदर उसे बचाने पहुंचे तो वह भी टैंक में गिर गए, लेकिन बाहर नहीं निकल पाए और उनकी मौत हो गई। कोई कार्रवाई न हो इस डर से बचने के लिए उन्होंने मरे बंदरों को एक सफाई कर्मचारी से बोरों में भरवाकर तालाब में फिंकवा दिया। वहीं मकान मालिक संजीव गुप्ता का भी कहना है कि उन्हीं के मकान में बन रहे टैंक में बंदरों के गिरने से मौत हुई है। थाना प्रभारी का कहना है कि कस्बा निवासी बबलू ने संजीव गुप्ता सहित दो के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन




जानकारी पर वह मौके पर पहुंचे थे। पशु चिकित्सा विभाग की टीम को बुलाकर बंदरों का पोस्टमार्टम कराया है। बिसरा जांच के लिए आगरा भेजा है। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन

- अजीत कुमार सिंह, एसडीएम सदर एटा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें