एटा। नीलगाय की चपेट में आने से बृहस्पतिवार की देर रात बाइक सवार 4 कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत नाजुक देखते हुए सभी को आगरा रेफर किया गया है। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हुए हैं।
गांव बड़ोदरा कलां थाना शमसाबाद जिला आगरा निवासी घायल देवेंद्र ने मेडिकल कॉलेज में बताया कि भाई लोकेश और दोस्त राजेश निवासी आशाबाद जिला फिरोजाबाद व अंकित निवासी तसीमों थाना शाहपुर जिला धौलपुर के साथ कांवड़ भरने कछला गंगा घाट जा रहे थे। एक ही बाइक पर चार लोग सवार थे। रिजोर थाना क्षेत्र में शिकोहाबाद मार्ग पर सामने से नीलगाय आ जाने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई।
इसके कारण चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया। यहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया। इसके अलावा अन्य सड़क दुर्घटना में सुभी, राधा व राकेश घायल हुए हैं। इनका मेडिकल कॉलेज में ही इलाज चल रहा है।