एटा। मारहरा व अलीगंज क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा की हसरत लिए युवाओं के लिए यह साल हताशा भरा रहा। दोनों क्षेत्रों में आईटीआई (राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) इसी साल संचालित की जानी थीं लेकिन मामला अटक गया। मारहरा में पीपीपी मोड पर संचालन किया जाना तय हो गया है जबकि अलीगंज में संचालन को अभी तक कोई निर्णय नहीं हो सका है।
अलीगंज व मारहरा क्षेत्र के युवाओं को आईटीआई के लिए शहर के कासगंज रोड पर संचालित राजकीय आईटीआई तक की दौड़ लगानी पड़ती है। युवाओं की मांग पर अलीगंज के कलिंजर व मारहरा में आईटीआई के लिए भवन निर्माण कराया गया। दोनों ही जगह भवन बनकर पूरी तरह तैयार हैं। मारहरा की आईटीआई को पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर संचालित किया जाना तय चुका है।
क्यू ग्रुप एजेंसी को इसकी जिम्मेदारी सौंपते हुए भवन को सुपुर्द कर दिया गया है। हालांकि इस साल प्रवेश नहीं होंगे। वहीं अलीगंज में पीपीपी मोड पर संचालन किया जाएगा या सरकार इसे संचालित करेगी, इस पर निर्णय नहीं लिया गया है।
12-12 ट्रेड का किया जाएगा संचालन
दोनों स्थानों पर 12-12 ट्रेड का संचालन किया जाएगा। प्रत्येक ट्रेड में 40 प्रशिक्षणार्थियों का प्रवेश लिया जा सकेगा। इस तरह 280 तक अभ्यर्थी एक सत्र में एक संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।
अलीगंज व मारहरा क्षेत्र में आईटीआई भवनों का निर्माण पूरा हो रहा है। 2-3 महीने में अलीगंज की आईटीआई संचालन के बारे में निर्णय ले लिया जाएगा। अगले सत्र दोनों में प्रवेश लिए जाएंगे। -दीपक कुमार यादव, प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई, एटा