एटा। अलग-अलग स्थानों पर छत से गिरकर दो किशोरियों सहित चार लोग घायल हो गए। दो को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। मलावन थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव छछैना में सृष्टि छत पर रखे हुए कपड़े लेने गई थी, तभी चक्कर आ जाने की वजह से नीचे आ गिरी। गंभीर रूप से घायल सृष्टि को परिजन लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां से हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने आगरा रेफर कर दिया गया। परंतु परिजन उसका शहर में ही निजी चिकित्सक के यहां उपचार कर रहे हैं।
कोतवाली नगर क्षेत्र में एक मासूम छत से गिरकर घायल हो गया। सानू निवासी गांधी मार्केट ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनका डेढ़ वर्षीय पुत्र हफ्फन छत पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह जीने पर आ गया और वहां से लुढ़कते हुए नीचे आंगन में आ गिरा। जिसकी वजह से उसको काफी चोटें आई। उसको लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत विरामपुर निवासी अनिल शराब के नशे में छत पर टहल रहा था। तभी पैर फिसलने से छत से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल अनिल को परिजन लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां से हालात नाजुक देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया है। कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत किदवई नगर में रात के समय नींद में चलते हुए 15 वर्षीय सिमायला छत से उतर रही थी। तभी पैर फिसल गया और वह नीचे आ गिरी। गंभीर रूप से घायल सिमायला को परिजन लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां उसका उपचार चल रहा है।