एटा। हाथरस जिले के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव मुगलगढ़ी में बीते 2 जुलाई को सूरजपाल उर्फ साकार विश्व हरि भोले बाबा का सत्संग हुआ। बाबा की चरण रज लेने के लिए भीड़ दौड़ी और भगदड़ मच गई। जिसमें 122 लोगों की मौत हो गई। इसमें ज्यादातर महिलाएं थी। इनमें से एटा भेजे गए 28 लोगों के शव का पोस्टमार्टम यहां किया गया। इसकी रिपोर्ट हादसे की वीभत्सता बयां कर रही है। अनुयायियों की पसलियां टूट गईं और दम घुटने से मौत हुई थी।
सत्संग समाप्त होने के बाद जैसे ही साकार विश्व हरि भोले बाबा वहां से निकले, लोग उनके चरणों की धूल लेने भागे। जब भारी भीड़ आगे बढ़ी, तो भगदड़ मच गई। सबसे पहले वहां से घायलों और मृतकों को एटा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां 28 लोगों का पोस्टमार्टम किया गया। इसमें अधिकांश महिलाओं के शव थे। इनकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि भगदड़ के दौरान नीचे दबने से उनका दम घुट गया और पसलियां टूट गईं। जिसकी वजह से इनकी दर्दनाक मौत हो गई।