संवाद न्यूज एजेंसी
अलीगंज। तहसील क्षेत्र के ग्राम गुनामई में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। बिजली लाइन का तार टूटकर खेत में गिरने से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। अग्निकांड में पांच किसानों की करीब एक एकड़ फसल जलकर राख हो गई।
गांव निवासी किसान रामपाल, राजीव, हरिओम और मुन्नालाल के खेतों में गेहूं की फसल तैयार खड़ी थी। बुधवार करीब 4 बजे अचानक बिजली लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया। तार से उठी चिंगारी ने सूखी फसल को अपनी चपेट में ले लिया और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की भयावह लपटों के चलते किसान मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
देखते ही देखते पूरी फसल जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पाइप व पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लेखपाल राजेश चौधरी ने नुकसान का जायजा लिया।