एटा। कोतवाली देहात के गांव पवांस में बृहस्पतिवार रात एक युवक को पैसों के लेनदेन के चलते गोली मारकर घायल कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में उसे प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया।
गांव पवांस में दो पक्षों के मध्य पैसे के लेनदेन के कारण विवाद हो गया। बृहस्पतिवार की देर रात पहले गाली-गलौज हुई और बाद में एक पक्ष की ओर से गोली चला दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि गांव पवांस निवासी एक पक्ष के सौरव और गौरव व दूसरे पक्ष के अंकित और नन्हे के मध्य पैसों का लेनदेन चला आ रहा है। सौरव ने बताया कि भाई गौरव के अंकित पर 2000 और नन्हे पर 3000 रुपये काफी समय से उधार हैं। कई बार इन लोगों से रुपये मांगे, लेकिन ये लोग टालते रहे।
सौरव ने बताया कि बृहस्पतिवार को जब एक बार फिर से इनको पैसे देने के लिए कहा तो विवाद होने लगा और गालियां देने लगे। विरोध करने पर सौरव को पीटना शुरु कर दिया। बीच-बचाव के लिए गौरव व अन्य लोग पहुंचे, तो आरोपी तमंचा निकाल लाए और फायरिंग करने लगे। इसके कारण एक गोली गौरव के पैर में ऊपर की ओर लगी और वह बुरी तरह से घायल हो गया। शोर-शराबा बढ़ता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजन ने पुलिस को सूचना देते हुए गौरव को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद गौरव को आगरा रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। एएसपी ने कहा कि घायल को बेहतर उपचार के लिए आगरा भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।