जलेसर। विकासखंड क्षेत्र के गांव नूहंखेडा में बुधवार रात के समय अग्निकांड हो गया। खेत के ऊपर से जा रही एचटी लाइन से चिंगारी निकलकर फसल में जा गिरी। इसमें दस बीघा खेत की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। अपनी बर्बाद हुई फसल को देखकर किसान बेहोश हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे सांसद एसपी सिंह बघेल ने किसान को सरकार की तरफ से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
क्षेत्र के गांव नूहंखेडा निवासी बॉबी जाटव ने बताया कि बुधवार की रात अचानक खेतों की तरफ से आग की लपटे दिखाई दीं। जिससे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। मौके जाकर देखा तो खेत में आग लगी थी। गेहूं की फसल काटकर वहीं रख दी थी। चिंगारी गिरने के बाद कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।