एटा। अलीगंज फायर ब्रिगेड को 2500 लीटर का वाटर टेंकर शासन से स्वीकृत हो गया है। विशेष सचिव शासन ने वाहन का नंबर देकर जिला प्रशासन को भेजकर इसकी जानकारी दी है।
क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर की पहल रंग लाई। विधानसभा एवं मुख्यमंत्री से मुलाकात कर तहसील क्षेत्र के लिए फायर ब्रिगेड वाटर टेंकर की मांग की थी। शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए एक स्वीकृत कर दिया।
12 दिसंबर को विशेष सचिव शासन विनोद कुमार सिंह ने विधायक सत्यपाल सिंह राठौर को पत्र लिखकर बताया कि पुलिस महानिरीक्षक फायर सर्विस ने 2500 लीटर क्षमता वाला एक वाटर टेंकर यूपी 81 एजी 0983 अलीगंज के लिए आवंटित कर दिया है। बताते चलें कि बीस लाख की आबादी वाले कृषि प्रधान जिले में दो बड़े टेंकर एवं दो छोटे वाहन हैं। इनमें एक बड़ा टेंकर जलेसर में रहता है।
एटा से आने में दो घंटे लगते थे
वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से लोगों खासकर किसानों में खुशी है। दहेलिया पूठ निवासी गिरिजा शंकर मिश्र, लुहारी खेड़ा निवासी भुवनेंद्र पाल सिंह चौहान आदि कहते हैं कि गर्मियों के दिनों में आगजनी की घटनाएं सर्वाधिक रहती हैं। ऐसे किसी हादसे पर फायर ब्रिगेड जिला मुख्यालय से ही आती है। इस दौरान बहुत कुछ जलकर खाक हो जाता है। लेकिन अलीगंज को टेंकर मिलने से पीड़ितों को त्वरित राहत मिल सकेगी।
नगला पड़ाव पर अस्थाई बस स्टॉप स्वीकृत
विधायक सत्यपाल सिंह राठौर ने बताया कि नगला पड़ाव पर रोडवेज बस स्टैंड लिए जगह चिन्हित कर ली गयी है। जब तक स्थाई रोडवेज बस स्टैंड नही बन जाता है तब तक यहां पर विधायक निधि से एक कमरे का निर्माण करा दिया जायेगा। यहीं से रोडवेज बसों का संचालन शुरू होगा। साथ ही कलींजर गांव में आईटीआई के लिए भूमि उपलब्ध हो गयी है, जल्द ही आईटीआई का निर्माण काम शुरू हो जायेगा। मंडी समिति के लिए भी जगह चिन्हित हो गयी है।