एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र के नगला रूपी चौराहे पर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से 5 लोग समेत 3 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाना अवागढ़ क्षेत्र के यादवनगर निवासी प्रदीप कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि 8 मार्च की शाम वह अपने पड़ोसी विश्वदीप और चाचा के साथ लालपुर से वापस लौट रहे थे। लालपुर से अवागढ़ जाने वाले रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए पीटा। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी और इस दौरान विश्वदीप के गले से सोने की चेन छीन कर फरार हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मदद के लिए फोन करने की कोशिश करने पर उनका मोबाइल भी तोड़ दिया गया।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से नयावांस निवासी जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि शिशुपाल सिंह एडवोकेट ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए विपक्षी पक्ष पर आरोप लगाया कि 3 मार्च को बाजार में पिचकारी खरीदते समय कुछ लोगों ने उन्हें धमकी दी। 8 मार्च की रात जब वह नगला रूपी की ओर जा रहे थे तभी रास्ते में गाड़ी रुकवाकर उनके साथ मारपीट की गई। उनके गले से सोने की चेन तोड़ ली और वाहन के शीशे भी तोड़ दिए। इस मामले में पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद