अवागढ़। ग्राम पंचायत रोहिना मिर्जापुर के मजराें में बुखार का कहर जारी है। प्रत्येक गांव के घर-घर में बुखार से पीड़ित मरीज मौजूद हैं। बुखार की वजह से घर-घर चारपाइयां बिछी हुईं हैं। बीमारी की गंभीरता को लेकर ज्यादातर लोग आगरा में इलाज करा रहे हैं तो कुछ अवागढ़ व आसपास के निजी क्लीनिकों पर भर्ती हैं।
गांव कुबेरपुर में बुखार ने दोबारा अपने पैर पसार लिए हैं। यहां के एक दर्जन से अधिक बुखार पीड़ित कमलेश कुमार, पिंकी देवी, अयांश, अर्पित, निक्की, उर्मिला देवी, सपना, व विनोद कुमार आदि आगरा में भर्ती होकर निजी अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। जबकि प्रशांत, सीटू, राधा, धनेंद्र, राहुल, प्रीती, उमा आदि का इलाज अवागढ़ में हो रहा है।
वहीं भरकना गांव की स्थिति में भी कोई सुधार नहीं हुआ है, मंगलवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के इलाज के लिए नहीं पहुंची। इस गांव में भी तीन दर्जन से अधिक मरीज बुखार से पीड़ित हैं। प्रमोद, सबीना, पप्पी, प्रदीप के घर में दिलीप, मिथिलेश, शांति स्वरूप, नेम सिंह, मुस्कान, रामलखन आदि हैं। ग्राम रोहिना, मिर्जापुर, नगला अतिया, जगतपुर आदि में भी बुखार के पीड़ित हैं और अवागढ़ सहित अन्य स्थानों पर अपना इलाज करा रहे हैं।
कुबेरपुर निवासी दिनेश यादव का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग को गांव में दोबारा फॉगिंग एवं दवा का छिड़काव कराना चाहिए। बरसात होने के कारण दवा का असर कम हुआ है। ग्राम प्रधान बिरमा देवी का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त डीडीटी एवं अन्य दवा का गांव के प्रत्येक मजरे में छिड़काव कराया जा रहा है। एमओआईसी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि रोहिना मिर्जापुर की पूरी पंचायत में फॉगिंग कराने के लिए दवा के साथ सीएचओ को निर्देशित किया गया है। बराबर नजर रखी जा रही है।