एटा। शहर के मोहल्ला भगीपुर में बृहस्पतिवार को गुरुग्राम (हरियाणा) और स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोबाइल अल्ट्रासाउंड मशीन से भ्रूण लिंग परीक्षण करते एक महिला सहित तीन को पकड़ा था। जिन्हें शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। एक फरार चिकित्सक की तलाश की जा रही है।
कोतवाली नगर में पीसीपीएनडीटी एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. अभिनव दुबे ने मुकदमा लिखाया है। इसमें आरोप है कि धोखाधड़ी कर इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट का उल्लंघन करते हुए मोहल्ला भगीपुर में मोबाइल अल्ट्रासाउंड मशीन से भ्रूण लिंग की जांच करने की शिकायत हरियाणा स्वास्थ्य विभाग को मिली थी। शिकायत के आधार पर गुरुग्राम की स्वास्थ्य टीम ने सीएमओ एटा से संपर्क किया और छापा मारा। छापामार कार्रवाई के दौरान सत्येंद्र प्रताप सिंह उर्फ सोनू निवासी देवीलालनगर गुरुग्राम हरियाणा, संध्या उर्फ रूबी निवासी भगीपुर, संजीव कुमार निवासी निधौली खुर्द थाना रिजोर को मौके से पकड़ा गया। जबकि डॉ. वीरेश निवासी शिवाय हॉस्पिटल अलीगंज रोड एटा भाग गया। पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।