कलक्ट्रेट के गेट के बाहर धरने पर बैठे किसान यूनियन किसान के लोग व अपनी बात रखते राष्ट्रीय अध्यक्ष
- फोटो : ETAH
एटा। भारतीय किसान यूनियन (किसान) के तत्वावधान में तीन सूत्री मांगों को लेकर आक्रोशित किसानों ने बुधवार को कलक्ट्रेट का मुख्य द्वार घेर लिया और धरना दिया। अवागढ़ स्थित विद्युत उपकेंद्र पर 13 दिन से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने पर एकत्रित किसान जुलूस के रूप में जिला मुख्यालय तक पहुंचे। किसानों का रोष देख पुलिस ने कलक्ट्रेट के तीनों द्वार बंद करवाकर उसे छावनी में तब्दील करा दिया। अधिकारियों के आश्वासन पर किसान लौट गए।
भाकियू द्वारा अवागढ़ और जलेसर क्षेत्र को टीटी जेड में शामिल करने, सिंचाई के लिए लगीं सबमर्सिबल पंप पर मीटर नहीं लगाए जाने और अवागढ़ क्षेत्र में नगला किशन की सड़क बनाए जाने की मांग को लेकर पिछले 13 दिन से अवागढ़ स्थित विद्युत सब स्टेशन पर धरना दिया जा रहा है। यहां पिछले एक सप्ताह से राष्ट्रीय महासचिव शिवप्रताप ने अन्न जल का भी त्याग कर दिया है, वहीं दो दिन पूर्व उन्होंने अपने खून से डीएम को पत्र भी लिखा पर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
इससे आक्रोशित किसानों ने बुधवार को कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार को घेर लिया। यहां करीब एक बजे जुलूस के रूप में किसानों के पहुंचने से पूर्व ही क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया। यहां अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह, सीओ सदर इरफान नासिर, सीओ सिटी राजकुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी एके सिंह, कोतवाली देहात प्रभारी इंद्रेशपाल सिंह, अपर जिलाधिकारी विवेक मिश्रा, एसडीएम अबुल कलाम आदि अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर को एडीएम कक्ष में ले गए। यहां वार्ता में उन्हें आश्वस्त किया गया। इस मौके पर धनीराम यादव, सोनू ठाकुर, गजेंद्र सिंह यादव, शीलेष दुबे, रोबिन चौहान, प्रदेश अध्यक्ष सतेंद्र सिंह चौहान, हरेंद्र पाल सिंह, हर्ष गुप्ता, आदेश दुबे, मो. शाहरूख, बबलू यादव, पिंकी यादव और रविपाल आदि रहे।