एटा। निधौलीकलां थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर ककराला में खेत पर गए एक किसान की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि फसल में भारी नुकसान देख उन्हें हृदयाघात हो गया।सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पर आए हुसैनपुर ककराला निवासी मानवेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार शाम बारिश के साथ ओले भी पड़े। रविवार शाम करीब चार बजे 55 वर्षीय पिता रामेश्वर सिंह खेत में सरसों की फसल देखने गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर जाकर देखा तो पिता अचेत अवस्था में वहां पड़े मिले।
मेडिकल कॉलेज लेकर आए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मानवेंद्र का कहना है ओलावृष्टि से फसल को नुकसान देख उन्हें हृदयाघात पड़ा जिससे उनकी मौत हुई है। वजह जानने के लिए ही पोस्टमार्टम करा रहे हैं। उसने बताया पिता पीआरडी के जवान थे। निधौली कलां के थाना प्रभारी हेमंत रावत ने बताया कि खेत पर गए किसान की मौत रविवार की शाम हुई है। मौत का कारण जानने के लिए परिजनों के कहने पर पोस्टमार्टम कराया गया है।