अवागढ़(एटा)। भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह को इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी मिलने पर किसानों में आक्रोश है। यूनियन के राष्ट्रीय सचिव मुकेश कुमार ने रविवार को अवागढ़ थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कस्बे के विवेकपुरी निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि रोहित नाम के युवक ने इंस्टाग्राम पर किसान नेता भानुप्रताप सिंह पर अमर्यादित भाषा का उपयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी है, इससे यूनियन से जुड़े किसानों में आक्रोश है। किसान नेता की जिले के साथ ही फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस सहित अनेक जिलों के किसानों पर बहुत अच्छी पकड़ है। मुकेश कुमार ने किसान नेता को धमकी देने वाले युवक की पहचान कर कार्रवाई करने की पुलिस से मांग की है। मांग करने वालों में शुभम हिंदू, ओम तोमर, अतुल लोहार, लखन कठेरिया, अंकुश, निकुंज, सुदीप आदि शामिल हैं।