राजा का रामपुर। तीन दिन बुखार आने के बाद मोहल्ला कछपुरा में 5 वर्षीय केशव उर्फ चंदन की शनिवार शाम मौत हो गई। इसके बाद रविवार को बच्चे के परिजन जिंदगी की उम्मीद में दरगाह आदि स्थानों पर झाड़-फूंक कराते रहे। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच-पड़ताल के लिए पहुंची, लेकिन बच्चे के परिजन ने स्वास्थ्य परीक्षण कराने से इन्कार कर दिया।
सीएचसी अलीगंज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अश्वनी कुमार मित्तल ने बताया कि बुखार से बच्चे की मौत हुई थी। घर वालों की जांच के लिए टीम भेजी गई थी। बच्चे के इलाज से संबंधित जानकारी मांगी गई थी, लेकिन परिजन ने जानकारी देने से मना कर दिया। साथ ही जांच भी नहीं कराई। टीम में डॉ. शिवकुमार, डॉ. अखलाक, फार्मासिस्ट सुरेशचंद्र, संजय सिंह, आलोक कुमार थे।
जागरूकता का अभाव
एक तरफ स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप के जरिये लोगों को दवाएं वितरित कर रहा है और इलाज कर रहा है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में और कस्बे में अभी भी लोग जागरूकता के अभाव में जी रहे हैं। बुखार और सर्दी-खांसी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। वर्ष 2021 में गांव बिल्सड़ में बुखार के कारण कई लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा था, लेकिन लोग जागरूक नहीं हुए।