एटा/सकीट/अवागढ़। जिले में तीन दिन से लगातार हो रही बारिश की वजह से सोमवार की सुबह बागवाला क्षेत्र में दीवार गिर गई। इसके मलबे में दबकर किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। जबकि सकीट और अवागढ़ क्षेत्र में मकानों की छत गिरने से घरेलू सामान का नुकसान हुआ है।
थाना बागवाला क्षेत्र के गांव अजीत नगर निवासी कौशल कुमार (15) की दीवार के मलबे में दबने से मौत हुई है। पिता सर्वेश कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम करीब 4 बजे बजे कच्ची दीवार गिर गई। इसके मलबे में बेटा दब गया। किसी तरह से उसे बाहर निकाला। मेडिकल कॉलेज लेकर आए, यहां इलाज शुरू किया गया लेकिन कुछ समय बाद ही मौत हो गई। पुलिस को सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। थाना प्रभारी नरेश सिंह ने बताया कि कच्ची दीवार गिरने से किशोर की मौत हुई है, सूचना मिलने पर पोस्टमार्टम कराया गया है।
वहीं कस्बा अवागढ़ के मोहल्ला याद व नगर निवासी गिरीश शर्मा का कच्चा मकान रविवार की शाम 6 बजे के लगभग भरभरा कर गिर गया। पत्नी मीना देवी और तीन बच्चों को लेकर 5 मिनट पहले ही वह पड़ोस में ही रहने वाले अपने भाई देवेंद्र शर्मा के घर पर पहुंचे थे। इसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। जबकि थाना सकीट क्षेत्र के गांव अहमदपुर उर्फ नगला धनू निवासी मनोज कुमार मकान की छत रविवार की रात बारिश के चलते गिर गई। मलबे में दबकर घरेलू सामान खराब हो गया। बताया कि परिवार मकान के अंदर लेटा था। घर गिरता देखकर बाहर निकल गए। इसकी वजह से बच गए।