एटा। थाना पिलुआ में गांव सइया ततारपुर अव्वल निवासी ममता देवी ने जेठ गंगा सिंह सहित 3 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें लिखा है कि इन लोगों ने प्रधान के सहयोग से उसको मृत दर्शाकर फर्जी कागजात बनवा लिए। इन कागजात के आधार पर उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं। रिपोर्ट अदालत के आदेश पर दर्ज कराई गई है।
ममता देवी ने रिपोर्ट में लिखा है कि जेठ गंगा सिंह और जेठ के पुत्र प्रेमपाल ग्राम प्रधान विश्वजीत के साथ मिलकर उसकी कृषि भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं। इस जमीन को उसने सास प्रेमा देवी से खरीदा है। इसी बात की रंजिश मानते हुए गंगा सिंह भूमि को छीनना चाहता है। इसी वजह से इन लोगों ने मिलकर उसकी मृत्यु के फर्जी कागजात तैयार किए और 11 दिसंबर 2024 को वारिसान की जगह अपना नाम डलवा दिया। लेखपाल के माध्यम से इस मामले के बारे में जानकारी मिली तो रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची, मगर यहां कोई सुनवाई नहीं हुई। सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है।