एटा। जिले में स्कूल चलो अभियान की सुस्त प्रगति पर बेसिक शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। अभियान के दौरान कक्षा एक और छह में एक भी नामांकन न होने पर 492 परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों व प्रभारी प्रधानाध्यापकों को नोटिस थमा दिए गए हैं। तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जिले में बेसिक शिक्षा परिषद के कुल 1130 प्राथमिक और 561 उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। विभागीय समीक्षा में सामने आया कि अभी तक 273 प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 1 का एक भी नामांकन दर्ज नहीं हुआ है। 219 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 6 में अब तक शून्य नामांकन है। बीएसए कार्यालय से जारी नोटिस में इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्वयं उपस्थित होकर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि जवाब संतोषजनक न मिलने पर कार्रवाई तय है। इसके साथ ही प्रेरणा पोर्टल पर नामांकन और प्रोन्नत विद्यार्थियों का डाटा समय पर अपलोड न करने पर भी विभाग ने नाराजगी जताई है। जिन विद्यालयों ने अब तक प्रोन्नत बच्चों का डेटा पोर्टल पर दर्ज नहीं किया है उन्हें तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएसए दिनेश कुमार ने बताया कि विद्यालयों की ओर से नामांकन कार्य में शिथिलता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्कूल चलो अभियान के तहत अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का लक्ष्य है इसलिए सभी प्रधानाध्यापक निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण करें। इस कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर अब विद्यालयवार नामांकन स्थिति की कड़ी निगरानी की जा रही है जिससे शैक्षिक सत्र में किसी भी बच्चे का नामांकन छूट न पाए।