पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंकने की वारदात का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। सेना में तैनात जवान को उसके तैनाती स्थल पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की गला दबाकर हत्या की और शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंक दिया। वारदात के बाद वह दो-तीन दिन तक इधर-उधर घूमता रहा और फिर ड्यूटी पर लौट गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।
मारहरा थाना क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर काकामई बादामपुर निवासी रमाकांत छह जुलाई को पत्नी सोनी को आगरा स्थित सेना की कैंटीन से सामान दिलाने का बहाना बनाकर घर से ले गया था। उसके साथ गांव का ही अजय भी मौजूद था। इसके बाद सोनी घर नहीं लौटी तो उसकी मां सरोज देवी ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए पति और उसके परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी कराया और सेना के अधिकारियों को पत्र भेजा। इसके बाद कोतवाली नगर पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के माल बाजार पहुंची और सेना के सहयोग से आरोपी को उसकी तैनाती स्थल से हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। छह जुलाई को विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पहले महिला के साथ मारपीट की, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार से आगरा रोड स्थित हजारा नहर में ले जाकर फेंक दिया।घटना के बाद आरोपी पहले बचने के लिए पठानकोट गया और बाद में स्थानांतरण होने पर पश्चिम बंगाल पहुंचकर ड्यूटी ज्वाइन कर ली।
एसएसपी डा. इलामारन ने बताया कि मामले में आरोपी के दोस्त की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।