फोटो-2 गांव दौलतपुर में रोते बिलखते राजेश के परिजन। संवाद
- फोटो : Archive
एटा। अलीगंज रोड पर देर रात हुए भीषण हादसे ने पांच लोगों की जान ले ली। कंटेनर ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बस करीब 50 मीटर तक आगे चली गई। इससे आसपास खड़े लोग बस की चपेट में आ गए। आगे खड़े लोग तो बस के साथ घसीटते हुए चले गए। उनमें चालक भी शामिल था। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद वहां चीख-पुकार और अफरा-तफरी की स्थिति रही। बस यात्री राम अवतार ने बताया कि टक्कर के दौरान वह बस के भीतर बैठे थे, तभी तेज झटका लगा और धमाका सा हुआ। इसके बाद तो चीख-पुकार मचने लगी। कैंटर की गति काफी तेज थी। बस टक्कर के बाद करीब 50 मीटर तक बढ़ी चली गई। इसके आगे जो लोग खड़े थे वह बस के नीचे आ गए। वह भी बस के साथ घसीटते हुए चले गए। घटना का मंजर देख रूह कांप गई।
सूचना पर करीब चार किलोमीटर दूर स्थित बागवाला थाने की पुलिस भी आ गई। पास के गांव कीलरमऊ से लोग हादसे की आवाज सुनकर दौड़े चले गए। बचाव कार्य शुरू किया गया। बस के भीतर से बदहवास लोगों को बाहर निकाला गया। बस के नीचे से बमुश्किल लोग बाहर खींचे जा सके। घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घटना की सूचना पर डीएम अरविंद सिंह, एएसपी डॉ. इलामारन जि., एएसपी श्वेताभ पांडेय, एसडीएम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उनकी देखरेख में तेजी से बचाव कार्य शुरू किया गया।
सीएनजी सिलिंडर में लग सकती थी आग
जो कंटेनर बस से टकराया था वह सीएनजी से संचालित था। उसमें नीचे की तरफ सीएनजी के दो टैंक लगे हुए थे। गनीमत रही कि गैस की लीकेज नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
फोटो-2 गांव दौलतपुर में रोते बिलखते राजेश के परिजन। संवाद- फोटो : Archive