एटा/सकीट। सकीट रोड पर नगला काजी के पास बुधवार की शाम बाइक सवार जीजा-साले नीलगाय से टकरा गए। हादसे में जीजा की मौत हो गई, जबकि साले की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना पर परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। शव को देखकर वहां चीखपुकार मच गई।
विज्ञापन
अजय कुमार निवासी ग्राम नगला रधोर थाना एका जिला फिरोजाबाद और उसका साला पवन कुमार निवासी गांव उज्जैपुर थाना बागवाला एटा, बाइक से सकीट क्षेत्र के गांव नगला पुनी आए थे। नगला पुनी में पवन की ससुराल है। कुछ दिन पहले पवन का साला हादसे में घायल हो गया था।
उसी को देखने दोनों लोग यहां आए थे। बुधवार की शाम बाइक से लौटने के दौरान सकीट से थोड़ा आगे नगला काजी के पास अचानक खेतों से नीलगाय निकलकर आई। इससे उनकी बाइक टकरा गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
उन्हें पुलिस ने एंबुलेंस की मदद मेडिकल कॉलेज भिजवाया। यहां अजय को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जबकि पवन का उपचार चल रहा है। परिजन ने बताया अजय दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करता था। उसकी मौत से परिवारीजन में चीखपुकार मच गई।