एटा। जिले में सोमवार देर रात हुए अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मिरहची थाना क्षेत्र में हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के पास हुए हादसे में बी-फार्मा के छात्र और पांच बहनों के इकलौते भाई की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में सिरसा टिप्पू के पास वाहन की चपेट में आने से एक अन्य युवक ने भी दम तोड़ दिया।
मिरहची थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी सचिन कुमार (24) सोमवार को निजी कार्य से बाइक से एटा आ रहे थे। उसी समय रास्ते में हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सचिन को राहगीरों और पुलिस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिजन ने बताया कि सचिन बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहे थे और परिवार में पांच बहनों के बीच इकलौते भाई थे। उनकी मौत के बाद घर में मातम पसरा है। बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राखी से पहले इकलौते भाई की मौत ने पूरे परिवार सदमे में है।
इसके साथ ही कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव कसेटी निवासी रोहित कश्यप (24) अपने साथी के साथ बाइक से कासगंज गए थे। देर रात वापस लौटते समय मिरहची थाना क्षेत्र के गांव सिरसा टिप्पू के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी मे लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक की मौत, एक घायल
निधौली कलां थाना क्षेत्र के गांव मुखरना निवासी शिवम (22) अपने दोस्त रंजीत के साथ कहीं से वापस लौट रहा था। मंगलवार दोपहर करीब सवा चार बजे इनकी बाइक रिजोर थाना कार्यालय से पास पहुंची तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। इसकी वजह से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने मेडिकल कॉलेज की इमरजेेंसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया। घायल रंजीत का मेडिकल कॉलेज में ही उपचार चल रहा है।
मृतक सचिन का फाइल फोटो