ढाय गिरने की सूचना पर मृतक महिला के घर पहुंची जलेसर एसडीएम भावना विमल। संवाद
जलेसर। क्षेत्र के गांव जमों में बुधवार की सुबह मिट्टी की ढाय गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला के साथ मिट्टी खोद रहे गांव के एक युवक और एक किशोरी भी ढाय में दब गए। इनको गंभीर हालत में आगरा भेजा गया है। गांव में भगदड़ मच गई, जानकारी पर एसडीएम भावना विमल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई।
थाना क्षेत्र के जमों गांव में बुधवार की सुबह कुसुमा देवी (40) घर से खुरपी लेकर पास के खेत में मिट्टी खोदने गई थी। खेत पर मिट्टी लेने जाते समय उनके साथ गांव का राजेश और निशा भी साथ हो लिए। खेत पर मिट्टी खोदते समय मिट्टी की ढाय गिर गई, इसमें तीनों लोग दब गए। ढाय गिरने की आवाज पर पास के खेत में काम कर रहे लोगों के शोर मचाने पर गांव में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने मिट्टी हटाकर उसमें दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला। जानकारी पर एसडीएम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य में जुटे पुलिस कर्मियों ने मिट्टी में दबे तीनों लोगों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने कुसुमा देवी को मृत घोषित कर दिया, घायल युवक और किशोरी को गंभीर हालत में आगरा भेजा गया है।