मारहरा। कस्बे और देहात क्षेत्र में कई महीनों से बिजली व्यवस्था खराब है। मंगलवार को परेशान दुकानदारों ने बिजली घर पहुंचकर विद्युत निगम के एसडीओ विजय गुप्ता को ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। बिजली कर्मचारियों से फोन पर संपर्क करने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है। लगातार कई घंटों तक बिजली न मिलने से उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
उमस भरी गर्मी में फ्रिज काम नहीं कर रहे हैं। इससे आइसक्रीम जैसे उत्पादों के गलने से दुकानदारों को बड़ा नुकसान हो रहा है। बिजली पर निर्भर रहने वाले श्रमिकों की रोजी-रोटी पर भी संकट आ गया है। कई छोटे व्यवसायों को भारी आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन सौंपने वालों में अविरल गुप्ता, अनंत गुप्ता, राकेश कुमार, राहुल गुप्ता, अंकुर, चेतन, शोएब खान और नीतीश गुप्ता सहित कई दुकानदार शामिल थे। उन्होंने मांग की कि बिजली कटौती का एक निश्चित समय तय किया जाए। साथ ही, खराब ट्रांसफार्मरों को तुरंत बदला जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। संवाद