एटा। नवंबर के पूरे महीने एटा से टूंडला जाने वाली ट्रेन बिना यात्रियों के दौड़ती रही। एक भी व्यक्ति ने इसमें यात्रा नहीं की है। रेलवे के रिकॉर्ड में खाली ट्रेन टूंडला तक का सफर कर रही है। दरअसल, यह ट्रेन शाम को साढ़े आठ बजे टूंडला के लिए रवाना होती है। इस समय यहां से टूंडला जाने के लिए कोई नहीं रुकता है। लोगों को रेलवे का यह समय नहीं भा रहा है। उनका कहना है कि समय में बदलाव कर दिन में रवानगी की जानी चाहिए।
बस में अधिक किराया देकर करना पड़ रहा सफर
एटा से टूंडला जाने के लिए ट्रेन का किराया भी कम लगता है। इसके लिए 45 रुपये का टिकट निर्धारित है, लेकिन रात के चलते लोग इसमें नहीं जा पाते। बसों में इससे 30 रुपये अधिक किराया देकर सफर करना लोगों की मजबूरी है।
आगरा एक्सप्रेस ट्रेन में भी यात्रियों का टोटा
स्टेशन से सुबह साढ़े सात बजे आगरा फोर्ट के लिए अनारक्षित एक्सप्रेस ट्रेन रवाना होती है। इसमें भी यात्रियों का टोटा रहता है। अधिकांश लोग नौकरी वाले जाते हैं। कुछ छात्र-छात्राएं भी जाती हैं। इन सभी को मिलाकर करीब 150 लोग ही रोजाना यात्रा करते हैं। जिससे रेलवे को करीब 5 हजार रुपये की आय होती है। जबकि आगरा से एटा आते वक्त सिर्फ 10 से 15 लोग ही ट्रेन से यहां पहुंचते हैं।