नहर में नहाते समय सोमवार शाम डूबे वृद्ध की तलाश न करने और नहर का पानी कम नहीं कराने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने मंगलवार को जिरसमी पुल पर जाम लगाकर एटा-सहावर मार्ग ठप कर दिया। जाम की सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने समझा बुझाकर एक घंटे बाद जाम खुलवाया। शव को ढूंढने गोताखोर नहर में उतर गए। दोपहर साढ़े 12 बजे वृद्ध का शव मलावन स्थित छछैना नहर में मिल गया।
सोमवार शाम करीब चार बजे गांव न्योराई निवासी ठाकुरदास (55) जिरसमी स्थित नहर में नहा रहे थे, तभी अचानक वह पानी के बहाव में बह गए, उन्हें बहता देख लोगों ने शोर मचा दिया। शोर की आवाज सुनकर पहुंचे गोताखोर वृद्ध की तलाश में जुट गए। जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
काफी तलाश के बाद भी वृद्ध नहीं मिला, तो पुलिस लौट आई। मंगलवार सुबह करीब सात बजे पुलिस लापरवाही और संबंधित विभाग के कर्मचारियों से नहर का पानी कम करने की बात कहने पर उनके द्वारा बात न मानने पर ग्रामीण भड़क गए और सहावर रोड पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक जाम में वाहन फंसे रहे। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव मलावन स्थित छछैना नहर में मिल गया है।