एटा। नगर क्षेत्र में सड़काें पर ही नहीं, पार्कों पर भी अतिक्रमण की मार है। टीपी नगर में बने पार्क में व्यापारियों ने कबाड़ भर कबाड़खाने का रूप दे दिया है। वहीं रेलवे पुल के पास शहीद स्थल पार्क को पार्किंग बना दिया गया है। यहां अवैध रूप से वाहन खड़े कर छोड़े जा रहे हैं। सुनहरी नगर पार्क के बाहर भी अतिक्रमण है।
नगर पालिका की ओर से पार्कों को विकसित करने के लिए पालिका के प्रभारी संपत्ति और अवर अभियंता को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन अभी तक इन्होंने कार्ययोजना तक तैयार नहीं की है। जिसके चलते पार्कों को सुंदर रूप देने के बजाए उनकी शक्ल दिन व दिन बिगड़ती ही जा रही है। टहलने के लिए पहुंचने वाले लोग और खेलने वाले बच्चे अतिक्रमण को देखकर मायूस लौट रहे हैं।
टीपी नगर पार्क में भरा हुआ है कबाड़
जीटी रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में पालिका द्वारा एक पार्क बनाया गया है, लेकिन इस पार्क को कई साल से विकसित नहीं किया गया है। यहां की स्थिति यह है कि वाहनों की वेल्डिंग व कटाई करने वाले दुकानदारों ने यहां पर कबाड़ भर रखा है। पार्क में चारों ओर वाहनों आदि के कलपुर्जे रखे हुए हैं। कबाड़ा अधिक होने की वजह से यहां पता ही नहीं चलता है कि यह पार्क है या फिर वाहनों की वर्कशॉप।
शहीद स्थल पार्क को बना दिया अवैध पार्किंग
जीटी रोड पर रेलवे पुल के पास प्रशासन द्वारा शहीद स्थल पार्क विकसित कराया गया। कूड़ा डाले जाने वाले इस स्थान को सुंदर रूप देकर पार्क नगर पालिका परिषद के हवाले कर दिया गया, लेकिन पालिका ने इस पर ध्यान नहीं दिया। बालू, गिट्टी से लदे हुए ट्रकों ने इसे अपना अड्डा बना लिया है। पार्क के चारों ओर वाहन खड़े रहते हैं। जिसकी वजह से पार्क की सुंदरता भी नजर नहीं आती है।
सुनहरी नगर पार्क में भी अतिक्रमण
नगर पालिका परिषद ने पिछले साल काफी रुपये खर्च कर सुनहरी नगर स्थित पार्क को आदर्श पार्क के रूप में विकसित किया था। एक साल में ही इस पार्क पर अतिक्रमण होने लगा है। जहां पार्क के बाहर लोगों ने जाली लगाकर अवैध कब्जा कर लिया है। वहीं कुछ लोगों ने तो पार्क के अंदर अवैध रूप से बैरीकेडिंग कर रखी है। जिससे इस पार्क की सुंदरता बिगड़ रही है।