एटा। अनिक मिल्क प्रोडक्ट्स ने 17 वर्षों से कार्यरत दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों को बिना नोटिस दिए बाहर का रास्ता दिखा दिया है। रोजी-रोटी छिन जाने से आक्रोशित कर्मचारियों ने एडीएम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने निष्कर्ष न निकलने पर सामूहिक रूप से आत्महत्या की चेतावनी दी है।
कासगंज रोड स्थित अनिक मिल्क प्रोडक्ट्स कंपनी ने 29 कर्मचारियों को बिना कारण बताए एक माह पहले कंपनी से निकाल दिया। कर्मचारियों ने डीएम से इसकी शिकायत की। उन्होंने बताया कि वे संविदा कर्मचारी हैं। कंपनी ने गलत तरीके से उन्हें बाहर निकाला है। डीएम ने उप श्रमायुक्त को मामले की जांच के निर्देश देते हुए 27 दिसंबर तक यथास्थिति बरकरार रखने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को सभी कर्मचारी कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त के सामने एडीएम प्रशासन केपी सिंह को ज्ञापन दिया। उन्होंने निष्कर्ष न निकलने पर आत्महत्या करने की बात कही है। अनिक मिल्क प्रोडक्ट्स संविदा कर्मचारी यूनियन के मंत्री कमलेश ने बताया कि वे 17 वर्ष से कंपनी में कार्य कर रहे हैं। कंपनी यह मानने को तैयार नहीं है। इस दौरान विमल कुमार, भूदेव, शिशुपाल, ओमपाल, पुष्पेंद्र, राजकुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
मैनेजर से की जाएगी बात
कर्मचारी कंपनी में 17 साल से कार्यरत हैं। 2016 में कंपनी का नाम बदल गया। 2016 से अब तक का भुगतान कार्यरत कंपनी के ठेकेदार को करना चाहिए। इस संबंध में कंपनी के मैनेजर से बात की जाएगी।
केपी सिंह, एडीएम प्रशासन
ठेकेदार को हटा दिया
कंपनी में काम कम हो गया है। इसलिए ठेकेदार को एक माह पहले हटा दिया है। कंपनी में लेबर ठेकेदार के माध्यम से कर्मचारी ही रखे जाते हैं।
आरएस तिवारी, प्लांटहेड
सोमवार को होगी बात
कर्मचारियों को लेकर कंपनी के अधिकारियों से बात की गई है। उनका कहना है कि वह ठेकेदार के माध्यम से कर्मचारियों को रखते है। सोमवार को कंपनी के अधिकारियों व ठेकेदार को अलीगढ़ बुलाया है। कुछ न कुछ समाधान निकाला जाएगा।
राजेश पाल, श्रम उपायुक्त।