एटा। दिवाली की धूम में इलेक्ट्रोनिक बाजार भी पीछे नहीं है। एलईडी, साउंड सिस्टम, टीवी, फ्रिज आदि के साथ ही मोबाइल और लैपटॉप की मांग बाजार में देखने को मिल रही है। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर लोग ऑनलाइन पढ़ाई और वर्किंग के लिए संसाधन जुटा रहे हैं। व्यापारियों को धनतेरस व दिवाली पर करोड़ों रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है।
शहर में दिवाली को लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानें सज चुकी हैं। इन पर आकर्षक रंग-बिरंगी झालरों के साथ तरह-तरह के आइटम बिकना शुरू हो गए हैं। वहीं सबसे अधिक खरीदारी मोबाइल और लैपटॉप की हो रही है। धनतेरस के मौके पर लोग अभी से दुकानों पर वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी, रेफ्रिजरेटर, ओवन आदि बुक कर रहे हैं। दुकानदार भी ग्राहकों को विभिन्न ऑफर दे रहे हैं।
-----------------------
निकाल रहे लकी ड्रॉ:
दुकानदार ग्राहकों को सामान खरीदने के लिए आकर्षित करने के लिए लकी ड्रॉ निकाल रहे हैं। जिसमें स्कूटी, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, मिक्सी, म्यूजिक सिस्टम, इलेक्ट्रिक बोतल आदि उपहार में रखे हैं।
-----------------
फाइनेंस पर दे रहे 10 हजार रुपये का कैशबेक:
व्यापारी अनंत गुप्ता ने दुकान पर सामान की खरीद के लिए फाइनेंस कराने पर 10 हजार रुपये तक कैशबेक और एक किस्त माफ करने का ऑफर तक रखा है।
-------------------
लुभा रही देसी इलेक्ट्रिक झालरें:
शहर के प्रमुख बाजार हाथी गेट, घंटाघर, गांधी मार्केट में देसी इलेक्ट्रिक झालरें जगमगा रही हैं। लोग चाइनीज की बजाए देसी झालरें खरीद रहे हैं। दिये वाली झालर भी खूब खरीदी जा रही हैं।
--------------------
बोले लोग....
दीवाली पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। ज्यादातर लोग लेटेस्ट मॉडल और टेक्नोलॉजी वाले मोबाइल खरीद रहे हैं। अभी तक सौ से ज्यादा ऑर्डर मिल चुके हैं।
- मोहम्मद आरिफ, मोबाइल विक्रेता
----------------
धनतेरस तक शहर में 30 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। अभी से कई सारी बुकिंग आ चुकी हैं। ग्राहक सामान को धनतेरस पर लेने की बात कह रहे हैं।
- अनंत गुप्ता, विक्रेता
-----------------
इस रेंज में बिक रहे इलेक्ट्रोनिक सामान
आइटम- रेट
एलईडी टीवी- 5 हजार- 60 हजार
वॉशिंग मशीन- 9 हजार- 40 हजार
म्यूजिक सिस्टम- 2 हजार- 40 हजार
रेफ्रिजरेटर- 8 हजार- 1.50 लाख
लैपटॉप- 15 हजार- 70 हजार
मिक्सी- 1500- 10 हजार
ओवन- 6 हजार- 30 हजार
आरओ- 5 हजार- 30 हजार
मोबाइल- 5 हजार- 1.50 लाख