सिकंदरपुरवैश्य के ग्राम रनेठी में मंगलवार की दोपहर आठ घरों में आग लगने से उनमें रखा सामान जल गया। आग बुझाने के प्रयास में तीन लोग झुलस गए। जबकि दो बकरियों की जलने से मौत हो गई। दमकलकर्मियों व ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग को बुझाया।
ग्राम रनेठी निवासी रामवीर सिंह के घर से उठी आग की लपटों ने तेज हवा के कारण पड़ोस के राजेंद्र, वीरेंद्र, दाताराम, जय सिंह, श्यामलाल, भवराज के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने को ग्रामीण बाल्टियां लेकर दौड़े। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग को तीन घंटे की मशक्कत के बाद बुझाया। लेकिन तब तक वीरेंद्र की दो बकरीं व 18 हजार रुपये की नकदी व गृहस्थी का सामान जल गया।
रामवीर की भैंस बुरी तरह झुलस गयी और पंप सेट भी जल गया। आग बुझाने के प्रयास में गांव के धर्मेंद्र, भंवरपाल, नन्नू झुलस गए, उन्हें प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। अग्निकांड की जानकारी पर तसील प्रशासन की ओर से राजस्व निरीक्षक जगदीश प्रसाद, लेखपाल मानपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। राजस्वकर्मियों ने आग से क्षति का आकलन किया और रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंपी है।