एटा। ईद को लेकर मुस्लिम समुदाय में उत्साह तो है, लेकिन बाजारों का हाल देख मायूसी भी है। केवल जरूरी सामान की दुकानें खोले जाने के आदेश हैं। ईद पर नए कपड़े, कॉस्मेटिक, आभूषण आदि की व्यवस्था और तैयारियों को लेकर लोग चिंतित हैं। कोरोना कर्फ्यू लागू होने की वजह से बाजार बंद हैं। इससे लोग कपड़े तक नहीं खरीद पा रहे हैं। महिलाएं श्रृंगार का सामान नहीं ले पा रहीं।
चांद दिखा तो बृहस्पतिवार को मनाई जाएगी ईद
शहर काजी बदूद अहमद ने बताया कि यदि चांद का दीदार बुधवार रात को हो जाता है तो ईद बृहस्पतिवार को मनाई जाएगी। नहीं तो यह त्योहार शुक्रवार को मनाया जाएगा।
पिछले साल प्रशासन ने खोला था बाजार
पिछले साल कोरोना काल में ईद से तीन दिन पूर्व प्रशासन ने बाजार को दोपहर तक खोलने के आदेश दिए थे। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हो रहा है। इस ईद के मौके पर किराना, फल-सब्जी को छोड़ अन्य सभी बाजार पूरी तरह से बंद है।
लोग बोल...
ईद उल फितर पर इस साल भी कोरोना का ग्रहण लग गया है। इसकी वजह से सभी बाजार बंद हैं। बच्चों तक के लिए नए कपड़े नहीं खरीद पाए हैं। - फूलबानो, किदवई नगर
इस साल भी ईद फीकी लग रही है। बाजार में कोई भी कॉस्मेटिक की दुकान नहीं खुली है जहां से श्रृंगार का सामान ले सकें। किसी के लिए कपड़े तक नहीं खरीदे गए हैं। -आफरोज बेगम, पंजाबपुरा