मंगल बाजार में सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ाते ग्राहक व दुकानदार ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। कोरोना की तीसरी लहर चरम पर है और हर रोज कोरोना संक्रमित सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद भीड़-भाड़ के इलाके और खास कर गांधी मार्केट में लगने वाले मंगलवार बाजार में भीड़ बेशुमार हो रही है। वहीं प्रशासन इस पर पाबंदी नहीं लगा पाया है। यहां भीड़ के दौरान एक दूसरे के सिर तक टकराते हैं और कोविड गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई जा रहीं हैं।
शहर के गांधी मार्केट में मंगलवार बाजार लगता चला आ रहा है, कोरोना की तीसरी लहर में कोरोना संक्रमितों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। इसके बावजूद भी प्रशासन मौन बना हुआ है और कोई शक्ति नहीं दिखाई जा रही है। हजारों की संख्या में लोग बाजार में एकत्रित होते हैं और कोविड गाइडलाइन की कतई परवाह नहीं की जा रही है।
कोरोना काल में भी ऐसी ही स्थितियां पैदा की गईं थीं और लोग धीरे-धीरे करके हजारों की संख्या में संक्रमित हो गए थे। हालात अभी भी बेकाबू जैसे ही हैं लेकिन प्रशासन के मौन धारण की वजह आम से खास लोग नहीं समझ पा रहे हैं। गांधी मार्केट के बाजार की वजह से करीब एक किमी का क्षेत्र रेड जोन में तब्दील हो जाता है। यहां हर व्यक्ति एक दूसरे से चिपक कर चलता है और सामाजिक दूरी का कहीं पर भी पालन नहीं होता दिखता।