एटा। विस चुनाव में शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश के लिए लगातार कार्रवाई चल रही है। छापा मार कार्रवाई के अलावा पुलिस ने इस पर नियंत्रण के लिए तकनीकी खाका भी खींचा है। ड्रोन कैमरों की मदद से कच्ची शराब के ठिकानों पर निगरानी कराई जाएगी। इनके जरिए पता लग सकेगा कि घरों के अंदर या जंगलों आदि में कहां शराब की भट्ठियां सुलग रही हैं। इसके बाद पुलिस वहां कार्रवाई करेगी।
जनपद में अलीगंज व कोतवाली देहात क्षेत्र में सबसे ज्यादा अवैध कच्ची शराब का कारोबार होता है। पुलिस प्रशासन द्वारा इसके खिलाफ अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके बावजूद यह धंधा पूरी तरह से समाप्त नहीं हो पा रहा है। अभी पुलिस प्रशासन मुखबिरों की सूचना पर कार्रवाई करता है। वहीं कुछ चर्चित स्थान भी हैं। जहां अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई होती रही है। अब इस कारोबार को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। ताकि जानकारी होते ही पुलिस सटीक स्थान पर पहुंच सके और कार्रवाई कर सके।