मारपीट में घायल रोडवेज कर्मचारी।
- फोटो : संवाद
एटा। थाना अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को दो रोडवेज बसों के कर्मियों में साइड न देने को लेकर विवाद हो गया। एक बस के चालक-परिचालक को लाठी-डंडों से पीटा गया। बाद में आक्रोशित रोडवेज कर्मियों ने अलीगंज-एटा रोड स्थित गांव लड़सिया पर जाम पर जाम लगा दिया। करीब 1 घंटे तक लगे जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी रही।
फर्रुखाबाद डिपो की बस सोमवार को दिल्ली जा रही थी। कायमगंज के पास साइड न देने को लेकर साहिबाबाद डिपो और फर्रुखाबाद डिपो की बसों के चालक-परिचालक में विवाद हो गया।
फर्रुखाबाद डिपो के बस चालक शिवओम मिश्रा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि मेरी बस के अलीगंज से क्रॉस होते ही नगला लड़सिया के पास साहिबाबाद डिपो के चालक शिवकुमार ने सामने बस लगाकर हमें रोक लिया। फोन कर 8-10 लोगों को बुला लिया। ये लोग बस का शीशा तोड़कर लॉक खोलने के बाद अंदर घुस आए और मेरे व परिचालक आनंद कुमार के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। आरोप है कि जब चालक ने विरोध किया तो लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। परिचालक की टिकट मशीन छीनकर तोड़ दी। गालीगलौज करते हुए वहां से फरार हो गए।
मौके पर पहुंचे साथी रोडवेज कर्मियों ने अलीगंज-एटा रोड पर जाम लगा दिया। जाम में तकरीबन 1 घंटे एंबुलेंस फंसी रही। बस में बैठे किसी व्यक्ति द्वारा पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने आक्रोशित कर्मियों को समझाकर जाम खुलवाया। घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया।
सीओ अलीगंज सुधांशु शेखर ने बताया कि कायमगंज से पहले ओवरटेकिंग करने पर बस चालकों में साइड न देने को लेकर विवाद हुआ था। सूचना मिली के कुछ लोग रोडवेज के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर फोर्स भेजा गया। घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।