एटा। कस्बा जलेसर में रविवार को कुछ लोग अपनी जमीन पर चहारदीवारी करा रहे थे। दूसरे पक्ष के लोगों ने जमीन को वक्फ बोर्ड की बताकर हमला कर दिया। चहारदीवारी तोड़ दी और लाठी-डंडों से तीन लोगों को पीट दिया। साथ ही पथराव कर कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया। इसके चलते वहां अराजकता का माहौल बन गया था। जलेसर पुलिस ने 150 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। पूर्व सभासद सहित 2 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कस्बा के नकटाकुआं निवासी सुनील कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि उनकी 24 बीघा पुश्तैनी जमीन बसंत टॉकीज के पीछे है। इसकी उत्तर दिशा में सड़क के पार दरगाह की जमीन है। दरगाह कमेटी के कुछ लोगों ने जमीन को लेकर विवाद किया तो 6 नवंबर को तहसील प्रशासन ने पैमाइश कराई। दरगाह कमेटी और वक्फ बोर्ड के लोग भी मौजूद थे। 24 नवंबर को मजदूर लगाकर हम अपने खेत के चारों ओर चहारदीवारी करा रहे थे। शाम के समय मोहल्ला अग्रयान निवासी रफीक अपने 15 साथियों को लेकर आया और चहारदीवारी को तोड़ना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर मोहल्ला पठानान निवासी अरशद ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इन लोगों ने मेरे साथ ही मोनू, संजय और सुरेश को भी पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। अरशद ने जान लेने की नीयत से मेरा गला दबा दिया। बताया कि करीब 150 लोगों को इन्होंने बुला लिया। ये सब पथराव करने लगे, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। पत्थरबाजी में तीन बाइक, एक लोडर वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ कुर्सियां टूट गईं। पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी रफीक और पूर्व सभासद इरफन उर्फ गुड्डू को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार को भी पुलिस ने किया रूट मार्च
सीओ जलेसर नितीश गर्ग ने बताया कि कस्बा में शांति व्यवस्था बनी हुई है। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसी के मद्देनजर सोमवार को भी कस्बा के प्रमुख बाजार व अन्य क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ रूट मार्च किया। जिससे कि जनता में सुरक्षा की भावना पैदा हो।
डीएम को दिया ज्ञापन, जमीन पर किया दावा
एटा। वक्फ नंबर 32 के अध्यक्ष मुईनुद्दीन और सचिव जाहिद खान सोमवार को कई लोगों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। डीएम प्रेम रंजन सिंह को ज्ञापन दिया। कहा कि जमीन सैयद इब्राहिम शाह की संपत्ति है तथा भू-अभिलेखों में दर्ज है। 24 नवंबर को कुछ लोग इस पर अवैध रूप से कब्जा कर रहे थे। हम लोगों ने विरोध किया तो उग्र हो गए और असलहे लहराकर धमकाने लगे। इन लोगों ने जलेसर थाना पुलिस पर सांठगांठ का आरोप लगाया। सपा जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी व पूर्व जिलाध्यक्ष अशरफ हुसैन भी मौजूद रहे। संवाद
16 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मुख्य आरोपी रफीक और इरफन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। -श्याम नारायण सिंह, एसएसपी