जिलाधिकारी ने गुरुवार को शीतलपुर ब्लॉक के असरौली और कसैटी गांव स्थित प्राथमिक और जूनियर स्कूल का औचक निरीक्षण कर शिक्षा में गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खामी मिलने पर डीएम ने कसैटी विद्यालय की चार शिक्षिकाओं का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिये है।
डीएम निधि केसरवानी ने गुुरुवार को कासगंज रोड स्थित असरौली गांव के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षण व्यवस्थाओं और एमडीएम का औचक निरीक्षण कर शिक्षा गुणवत्ता परखने की कोशिश की। प्राथमिक विद्यालय में डीएम को 131 विद्यार्थी पंजीकृत में से 63 ही उपस्थित मिले। जबकि शिक्षिका शकुंतला अनुपस्थित मिलीं। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पंजीकृत 42 छात्र में से महज 18 उपस्थित थे। डीएम ने कक्षा 6 के विद्यार्थियों से सवाल भी पूछे और टीचर्स को गुणवत्ता पर ध्यान देने को कहा। डीएम ने कसैटी गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां काफी संख्या में बच्चे अनुपस्थित मिले। डीएम ने छात्र से अंग्रेजी की किताब पढ़वा कर देखी तो वह नहीं पढ़ सका। कसैटी के प्राइमरी स्कूल की शिक्षिकाएं वंदना, गीता, नीलम, संगीता निरीक्षण के दौरान क्लास में पढ़ाने की बजाय बैठी मिली, इस पर जमकर फटकार लगाई। साथ ही चारो शिक्षिकाओं का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।