जिला कारागार का निर्माण पूरा कर लिया गया है। आवासीय भवनों का निर्माण भी मार्च माह तक पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इस प्रगति की जानकारी ली जा रही है।
एडीएम बीएम मिश्र, जेल अधीक्षक एटा अनूप सिंह, लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सीपी सिंह की टीम ने बुधवार को जिला कारागार में निर्माणकार्य क ो देखा। कैदियों के बैरकों, शौचालय, स्नान गृह का निरीक्षण किया गया। मैस की गैस लाइन के संबंध में सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए। महिला जेल, किशोर जेल के भवन का भी निरीक्षण किया गया। जेल की चाहरदिवारी की मापतौल भी की गई। इसके अलावा वाच टॉवर से भी जेल का निरीक्षण किया। प्रकाश व्यवस्था को बढ़ाने के संबंध में भी निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी बीएम मिश्र ने बताया कि जिला कारागार के भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। आवासीय भवन में कुछ ब्लाकों का निर्माण चल रहा है जो शीघ्र पूरा हो जाएगा। कुछ भवन पूर्ण हो चुके हैं। राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर हरिओम शर्मा ने बताया कि जेल में कार्य समय से पूरा कर लिया गया है। जो आवासीय भवनों का निर्माण किया जाना है वह तेजी से हो रहा है। मार्च माह में यह पूरा हो जाएगा। यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री मार्च माह में जेल का लोकार्पण कर सकते हैं। इसके लिए शासन निरंतर प्रगति की जानकारी ले रहा है।