अलीगंज रोड हुए गड्ढों से निकलते वाहन।
- फोटो : ETAH
एटा। शहर में सीवर लाइन का काम चल रहा है जिसके चलते तहसील और महिला अस्पताल पहुंचना मुश्किल हो गया है। लाइन डालने के लिए बुधवार को जीटी रोड स्थित सदर तहसील के आगे खोदाई कर दी गई जिससे रास्ता बंद हो गया। वहीं गांधी मार्केट में जिला महिला अस्पताल के मेन गेट के सामने ही खोदाई की जा रही है।
कचहरी की ओर से महिला अस्पताल आने वाली गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं को जीटी रोड से घूमकर आना पड़ रहा है। वहीं जीटी रोड स्थित सदर तहसील के मुख्य दरवाजे के सामने सीवर लाइन की खोदाई कर दी गई है। इससे फरियादी, बैनामा कराने वाले, अधिवक्ता, कर्मचारी आदि को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरे दरवाजे के बाहर मिट्टी डालकर पैदल लोगों को आवाजाही का रास्ता जरूर दिया गया है, लेकिन वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद है।
सुरक्षा के नहीं कोई इंतजाम
सदर तहसील के सामने सीवर लाइन की गहरी खोदाई की जा रही है। इस दौरान जल निगम ने एक तरफ तहसील का गेट खोल रखा है। लोग मिट्टी से होकर निकल रहे हैं जिनको रोकने के लिए बैरिकेडिंग नहीं की है। इससे किसी के भी साथ बड़ा हादसा हो सकता है।