जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पर अव्यवस्थाओं को लेकर अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। हजारों की भीड़ के चलते जीटी रोड पर घंटों जाम लगा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात सामान्य कराया।
बीटीसी प्रवेश की तीसरी काउंसलिंग में मंगलवार को पहुंचे अभ्यर्थियों से परिसर खचाखच हो गया। जीटी रोड पर लगी वाहनों की लाइन से यातायात प्रभावित रहा। सैकड़ों की भीड़ के लिए परिसर में पानी की व्यवस्था न होने पर लोग भड़क उठे। गर्मी के चलते यहां पहुंचे महिला अभ्यर्थी और बच्चे अकुला रहे थे। ऐसे में आक्रोशित लोगों ने अव्यवस्थाओं पर रोष जताया और जमकर हंगामा भी काटा। लोगों ने जाम लगाकर विरोध जताया। सूचना पर पहुंची मलावन पुलिस असहाय दिखी। इसकी सूचना उपजिलाधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी आ गए। यातायात सुचारु हो सका।