एटा। शहर में रात के समय ठंडी सड़क तिराहे से कचहरी रोड के मोड़ तक लगभग 50 मीटर क्षेत्र में किसी वाहन की टंकी फट जाने से डीजल फैल गया।
घटना की जानकारी न तो पुलिस को हुई और न ही अग्निशमन विभाग को भनक लगी। इस कारण सुबह तक आग लगने का खतरा बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सोमवार रात एक वाहन ठंडी सड़क से बस स्टैंड की ओर जा रहा था। रास्ते में तिराहे से जीटी रोड की ओर मुड़ते समय किसी पत्थर से टकराने के कारण डीजल टैंक फट गया। बस स्टैंड की ओर लगभग 50 मीटर तक रास्ते पर काफी मात्रा में डीजल फैल गया।
मंगलवार की सुबह वहां से निकलने वाले लोग गंध से परेशान रहे। कई लोग फिसलकर गिरने से चोटिल भी हो गए।
रातभर गश्त का दावा करने वाली पुलिस को इस घटना के बारे में मंगलवार तक जानकारी नहीं हुई। ऐसे में अगर आग लग जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रशांत राणा ने बताया कि इस प्रकार की किसी भी घटना की जानकारी नहीं मिली। बड़ा सवाल है कि इतनी बड़ी लापरवाही से अगर कोई घटना हो जाती तो कौन जिम्मेदार होता।