एटा। उप्र माध्यमिक शिक्षक एकजुट के बैनर तले सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने सेवा सुरक्षा की धारा 12,18 एवं 25 की बहाली की मांग की। इसके लिए सोमवार को लखनऊ के इको पार्क में धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा की अध्यक्षता में हुआ। इसमें प्रदेशभर के अलावा एटा के शिक्षक भी माैजूद रहे।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अधिनियम 1982 की धारा 12, 18 एवं 21 को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग अधिनियम 2023 से समाप्त कर दिया गया है। इन तीनों धाराओं के उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा आयोग अधिनियम 2023 में न होने से प्रदेश भर के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की सेवा पर इसका बुरा असर पड़ रहा है।
जब से उक्त तीनों धाराएं समाप्त कर दी गई हैं तब से प्रदेश में शिक्षको का निलंबन और बर्खास्त का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रदेश भर के शिक्षक सेवा सुरक्षा के अभाव में भयभीत एवं सशंकित है जिससे स्वस्थ वातावरण में अध्ययन अध्यापन कर पाना मुश्किल हो गया है। सेवा सुरक्षा बहाल हो इसके लिए प्रवेशभर से आए शिक्षकों ने इको पार्क लखनऊ में धरना प्रदर्शन कर सरकार से मांग की कि सेवा सुरक्षा प्रदान करते हुए अशासकीय मध्यमिकों को पूर्णतः राजकीयकरण किया जाए।