सोमवार को चौथ के चलते नहीं निकले लोग मंगलवार को अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके चलते रोडवेज बस स्टैंड व जीटी रोड पर सवारियों की भीड़ नजर आई। रोडवेज ने लगभग 150 बसें आगरा व दिल्ली रूट पर लगाईं। दूसरी ओर डग्गामार वाहनों की धरपकड़ के लिए एसडीएम, सीओ सिटी ने एआरएम को साथ लेकर अभियान चलाया। बस स्टैंड के बाहर खड़ीं प्राइवेट बसों व डग्गामार वाहन चालकों को पुलिस ने खदेड़ा। छह प्राइवेट वाहन सीज भी किए।
मंगलवार को रोडवेज बस स्टैंड पर खासी भीड़ नजर आई। होली पर्व मनाने के बाद लोग अपने-अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं। सोमवार को चौथ पड़ने के चलते लोग नहीं निकले। इस कारण मंगलवार को सड़कों पर सवारियां नजर आईं। सबसे ज्यादा दिल्ली, आगरा के लिए जा रहीं बसें खचाखच भरी दिखीं। हालात यह थे कि सवारियों के आगे बसों की कमी दिखाई दी। ऐसे में सवारियों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा। लोगोें ने बस की छत पर बैठकर भी यात्रा की। कासगंज की ओर जाने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी हुई। एआरएम संजीव यादव ने बताया कि मंगलवार को इन रूटों पर विभाग ने 150 बसें लगाईं। साथ ही बसों के चक्कर भी बढ़ा दिए, ताकि यात्रियों को कोई परेशानी न हो।
दूसरी ओर डग्गामार वाहनों ने मनमाफिक किराया वसूल किया। रोडवेज बस स्टैंड के बाहर वाहन खड़े कर सवारियां भरने वालीं प्राइवेट बसों व डग्गामार वाहनों के खिलाफ एसडीएम अजीत कुमार सिंह व सीओ सिटी करन सिंह ने एआरएम संजीव यादव को साथ लेकर अभियान चलाया और जीटी रोड पर खड़े डग्गामार वाहनों को वहां से खदेड़ा। इस दौरान एक प्राइवेट बस चालक ने सवारियां उतारकर वहां से भागने की कोशिश की तो एसडीएम ने उसे रोका, लेकिन वह नहीं रुका। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जब कागज चेक किए तो बस का परमिट नहीं मिला। इस पर बस को सीज कर दिया गया।
अभियान के दौरान छह प्राइवेट वाहनों को सीज किया गया है। साथ ही सख्त हिदायत दी गई है यदि जीटी रोड पर बस स्टैंड के बाहर खड़े होकर सवारियां भरते मिले तो वाहन सीज कर जुर्माना लगाया जाएगा।
- अजीत कुमार सिंह, एसडीएम
बस स्टैंड से सीओ दफ्तर तक हटाया अतिक्रमण
पुलिस प्रशासन ने जीटी रोड पर बस स्टैंड से लेकर सीओ सिटी कार्यालय तक अभियान चलाकर अतिक्रमण को भी हटवाया। इस दौरान सड़क किनारे खड़े ठेले वालाें को वहां से हटाया, ताकि जाम न लगे। वहीं दुकानों के आगे सामान रखकर किए जा रहे अतिक्रमण को भी हटवाया।
भीड़ के चलते दिखा जाम
एक तो वैसे भी जीटी रोड पर जाम के हालात बने रहते हैं। मंगलवार को निकली भीड़ के चलते जाम और लगा नजर आया। इसके चलते लोगों को परेशानी हुई। हालांकि ट्रैफिक पुलिस के अलावा टीएसआई व अन्य पुलिस कर्मी इसे सुचारु करने में जुटे रहे।