माघ पूर्णिमा के स्नान पर्व पर तीर्थ नगरी हरि की पौड़ी सहित अन्य गंगा घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य लाभ लिया। घाट गंगा मैया के जयकारों से गुंजायमान होते रहे। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद घाटों पर स्थित मंदिरों की पूजा अर्चना की। श्रद्धालुओं ने जरूरतमंदों को दान दक्षिणा दी और भंडारों का भी आयोजन किया।
माघ पूर्णिमा पर लहरा गंगा घाट, कछला घाट एवं तीर्थ नगरी पर गंगा स्नान के लिए स्नानार्थियों का अपार जनसमूह उमड़ा। दिनभर गंगा के घाट हर हर गंगे, हर हर वाराह के जयकारों से गूंजते रहे। सुबह से ही शुरू हुआ स्नान का सिलसिला दोपहर बाद तक चलता रहा। सुबह ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालुओं की आस्था डिग न सकी। स्नान बाद मां गंगा की आरती उतारने के बाद श्रद्धालुओं ने दूध चढ़ाकर मनौतियां मांगीं। हरिनाम का संकीर्तन करते हुए श्रद्धालुओं ने हरिपदी की परिक्रमा लगाई। निर्धनों व असहायों को दान दक्षिणा दी।
आदि वाराह मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, सोमेश्वर मंदिर, बालाजी दरबार, पंचमहाशक्ति मंदिर, बटुकनाथ मंदिर, गंगा माता मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, 84 घंटे वाली माता मंदिर, योगेश्वर मंदिर, भूतेश्वर मंदिर, कटरेश्वर आदि मंदिरों पर देव दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं पटियाली में कादरगंज गंगा घाट कादरगंज गंगा घाट पर पहुंचे स्नानार्थियों ने धार्मिक अनुष्ठानों को संपन्न कराकर गंगा में श्रद्धाभाव की डुबकी लगाकर हर-हर गंगे का उद्घोष किया।
फोटो प्रेषित हैं।