एटा। मेडिकल कॉलेज में मरीज से रुपये लेकर इलाज करने के मामले आए दिन सामने आते हैं। बृहस्पतिवार को पैथोलॉजी लैब में भी रुपये मांगने को लेकर हंगामा हो गया। जब एक स्वास्थ्यकर्मी ने बुखार पीड़ित युवक से जांच के लिए 100 रुपये की मांग कर दी। हंगामा होने पर अन्य कर्मचारियों ने समझा बुझाकर मामले को शांत किया।
बृहस्पतिवार को एक किसान यूनियन का पदाधिकारी बुखार से पीड़ित होने पर मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए पहुंचा। चिकित्सक ने देखने के उपरांत उसे खून की जांच करने के लिए पैथोलॉजी कक्ष में भेज दिया। यहां पैथोलॉजी में 100 रुपये जांच के लिए मांगे। उसने रुपये देने से इन्कार किया तो स्वास्थ्यकर्मी ने खून का नमूना लेने से मना कर दिया। इसी बात पर युवक ने अपनी यूनियन के पदाधिकारी व अन्य साथियों को फोन कर दिया। बड़ी संख्या में उसके साथी पैथोलॉजी में जा पहुंचे और हंगामा करने लगे।
सूत्रों की माने तो रुपये मांगने वाला स्वास्थ्यकर्मी उस समय गायब हो गया, करीब 15 से 20 मिनट तक पैथोलॉजी में हंगामा चलता रहा। इससे मरीजों में अफरा तफरी का माहौल हो गया। बाद में अन्य चिकित्सकों ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया पैथोलॉजी कक्ष में हंगामा होना बताया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।