एटा। उप्र परिवहन निगम के तहत एटा डिपो में भ्रष्टाचार की शिकायत पर कार्रवाई हुई। आरोप है कि इससे बौखलाए लोगों ने शिकायत करने वाले पर जानलेवा हमला कर दिया। कोतवाली देहात में तहरीर दी गई है।
जैथरा थना क्षेत्र के गांव फगनौल निवासी सुनील पांडेय ने बताया कि गांव में ही उसका गैस एजेंसी का व्यापार है। 1 जुलाई को रात 8.30 बजे एटा से अपने घर की ओर आ रहा था। कोतवाली देहात क्षेत्र में पवांस नहर के पास दो लोगों ने अपनी बाइक को मेरी बाइक के आगे लगा दिया। इनमें से एक ने उतरकर मुझे गालियां देने के साथ हाथापाई शुरू कर दी। बोला कि मेरी नौकरी खा गया। इसके साथ ही किसी भारी चीज से मेरे मुंह पर वार किया। तभी उसका दूसरा अज्ञात साथी आया और तमंचा निकालकर फायर कर दिया। मैंने नीचे झुककर जान बचाई। इसके बाद पीटते हुए इन लोगों ने मेरे पास रखे सात हजार रुपये व अंगूठी लूट ली और फरार हो गए।
सुनील ने बताया कि इस दौरान युवक का पहचान पत्र गिर गया। जिस पर ऋषि कुमार दीक्षित की पहचान दर्ज है। जो परिवहन निगम में टीआई हैं। सुनील ने बताया कि पिछले दिनों मेरी शिकायत पर 21 बेटिकट यात्री की बस पकड़ी गई थी। जिसमें टीआई ऋषि कुमार को निलंबित किया गया। सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी का कहना है कि शिकायत मिलने पर आरोपों की जांच कराई जाएगी। संवाद