एटा। राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के गांव विजयपुर में मंगलवार सुबह गांव से बाहर आम के पेड़ पर युवक का शव फंदे पर लटका मिला। लोगों ने उसकी पहचान गांव के ही 33 वर्षीय अजीत सिंह के रूप में की।
दमन सिंह उर्फ रवेंद्र उर्फ बाबा ने बताया कि पुत्र अजीत गुरुग्राम में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर नौकरी करता था। इस होली पर भी घर नहीं आया था। मंगलवार को जब गांव के बाहर आम के पेड़ पर उसका शव लटका मिला। तो कंपनी में फोन कर जानकारी ली। वहां से बताया गया कि अजीत तो 29 मार्च को ही घर जाने की कहकर निकल गया था। उसकी पत्नी मधु और दो बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के पिता और पत्नी ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि अगर अजीत घर आता तो पहले फोन कर हम लोगों को जानकारी तो देता। न तो उसका कोई कॉल आया और न ही किसी अन्य माध्यम से उसने घर आने के बारे में बताया। इसलिए लग रहा है किसी ने इसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया है। थाना प्रभारी रूपेश वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बारे में गहराई से छानबीन कर रहे हैं। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।