एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव में किशोरी ने फंदा लगाकर जान दे दी। पिता ने बताया कि प्रेमी से बात करते समय मां ने इसका फोन छीन लिया, जिसकी वजह से वह नाराज हो गई थी। बेटी ने इसी वर्ष कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा दी है।
पिता ने बताया कि वह खेती-बाड़ी और मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दो बेटे हैं जो बाहर रहकर नौकरी कर रहे हैं, वहीं घर पर बेटी (16) रहती है। मंगलवार को दोपहर के समय वह फोन पर किसी लड़के से बात कर रही थी, तभी उसकी मां ने फोन छीन लिया। शाम को बेटी से बात की, तो उसने बताया कि वह जिस लड़के से फोन पर बात करती है उसी से विवाह करना चाहती है। हम लोग तैयार हो गए, लेकिन कह दिया कि अगर लड़का समझ में आया तो ही तुम्हारा विवाह उसके साथ करेंगे।
ये भी पढ़ें-
UP: अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने इन चार शब्दों में बयां की ताज की खूबसूरती...देखें ये शानदार तस्वीरें
पिता ने बताया कि बुधवार की सुबह पत्नी को साथ लेकर घर से चंद कदम की दूरी पर भूसा भरने के लिए बुर्जी लगाने की तैयारी कर रहा था। सुबह 7:30 बजे काम पर लगा था तो बेटी दो बार हम लोगों के पास घूम कर आई। सुबह 8:30 के बाद लौट कर दोबारा नहीं आई। लगभग 10:30 बजे काम खत्म करने के बाद हम लोग घर पर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस को सूचना देकर दरवाजा अंदर से जाकर खोला गया, तो देखा बेटी कमरे में फंदे पर लटक रही है।
ये भी पढ़ें-
UP: ताजमहल को लेकर अमेरिकी उप राष्ट्रपति ने पूछे ये तीन सवाल, बच्चों ने पूछा- कैसे लाए गए थे इतने भारी पत्थर
पुलिस कर्मियों ने बेटी को नीचे उतारा, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है। मौत का सही कारण तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर मिलती है, तो रिपोर्ट दर्ज कर गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जाएगी।