जलेसर। नाला बाजार के पास मंगलवार को दिनदहाड़े व्यापारी से लूट हुई थी। बुधवार को पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया। व्यापारी के मूल गांव के पड़ोसी व डेरी संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। डेयरी संचालक इस लूट का मास्टरमाइंड था।
मगंलवार सुबह करीब 10 बजे कपड़ा व्यापारी सतीश जैन निवासी मोहल्ला पंसारियान के साथ दो बाइक सवार बदमाशों ने छह हजार रुपये, अंगूठी कागज आदि की लूट की थी। तमंचे की बट से उन पर हमला भी किया था। बुधवार को सीओ कृष्णमुरारी दोहरे ने बताया कि सतीश मूल रूप से गांव राजपुर थाना सकरौली के निवासी हैं। लूट की घटना का मास्टरमाइंड नीरेश यादव उनके घर के पास ही डेरी का संचालन करता है। आपस में दोनों में पैसे का लेन-देन चलता रहता है। नीरेश ने लूट की घटना की योजना में दो अन्य लोगों को शामिल किया। बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल का इंतजाम किया गया।
थाना पुलिस ने नीरेश को गांव अरबगढ से गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल, लूटे हुए 2900 रुपये और एक मोबाइल बरामद किया। पूछताछ में साथियों के नाम छोटू उर्फ पुष्पेंद्र निवासी नगला बबूल और गौरव निवासी तुलसी का बांस थाना एत्मादपुर जिला आगरा बताए हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार सिंह, उपनिरीक्षक चंद्रशेखर त्रिपाठी, सतीश कुमार,आदर्श चौधरी शामिल रहे।
डेयरी संचालक को सतीश ने दान किया था पैतृक मकान
तीन दिन में हुई दो घटनाओं से व्यापारी वर्ग में काफी भयभीत था। बुधवार को कपड़ा व्यापारी के साथ लूट की घटना के खुलासे के दौरान व्यापारी नेताओं को भी पुलिस ने बुलाकर आरोपी से बात कराई। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी नीरेश यादव को कपड़ा व्यापारी सतीश जैन ने गांव का मकान दान में दिया था। आरोपी घर में परिवार के सदस्य की तरह से आता-जाता था। लूट से एक दिन पूर्व मोटी धनराशि जमा करने की जानकारी उसे मिली थी।